मैनपुरी: जिले के दन्नाहार थाना क्षेत्र में रिश्ते की दो नाबालिग बहनों के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया। दोनों बहनें शुक्रवार की शाम खेत पर गईं थीं। तभी रास्ते में दो युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और झाड़ियों में खींच कर ले गए। पीड़ित किशोरों के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को उक्त आरोपी को जेल भेजा गया। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक दन्नाहार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दो नाबालिग बहनें शुक्रवार की शाम करीब छह बजे घर से खेत की ओर गईं थीं। गांव के बाहर बंबा की पटरी के पास पहुंची, तभी दन्नाहार क्षेत्र के गांव गोपालपुर निवासी गौरव शाक्य और बिछवां के गांव करीमगंज निवासी सौरभ ने किशोरियों को पकड़ लिया और झाड़ियों में खींच ले गए। आरोप है कि दोनों ने किशोरियों के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों आरोपी भाग गए।
पीड़ित किशोरियों ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे पुलिस ने न्यायालय में पेश किया गया। वहीं पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। उधर, पुलिस ने पीड़ित किशोरियों का मेडिकल कराया है।
संजय श्रीवास्तव-प्रधानसम्पादक एवम स्वत्वाधिकारी, अनिल शर्मा- निदेशक, शिवम श्रीवास्तव- जी.एम.