गाली का जवाब गोली से: बेटी ने ललकारा और आरा में रिटायर्ड दारोगा ने ताबड़तोड़ झोंक दीं गोलियां

यंग भारत ब्यूरो
आरा/तरारी। भोजपुर के तरारी थाना के कुसुम्ही गांव में गुरुवार की सुबह सब कुछ सामान्य था। इस बीच दो पड़ोसियों के बीच महज गाली-गलौज किए जाने को लेकर उपजा विवाद इस कदर बढ़ा कि एक किसान देवकांत राय को सरेआम गोलियों से भून दिया गया। मौका-ए-वारदात पर ही मौत हो गई। इसके बाद शांत पड़े गांव में चीख-पुकार मच गई। इस वारदात के बाद गांव में अजीब सन्‍नाटा पसरा है। लोग उस घड़ी को कोस रहे हैं, जब झगड़े की शुरुआत हुई। गांव वाले बताते हैं कि हत्‍या के आरोपित रिटायर्ड दारोगा सुरेश राय का मरने वाले देवकांत राय से पुराना विवाद था।
दोनों परिवारों में थी पुरानी खुन्‍नस
तरारी के कुसुम्ही गांव निवासी देवकांत राय एवं सेवानिवृत्त दारोगा सुरेश राय का मकान एक-दूसरे से सटे हैं। दोनों के बीच कभी मिट्टी तो कभी ईंट को लेकर वाद-विवाद होते रहता था। शुरुआती जांच में यह बात आ रही है कि पूर्व में देवकांत राय अपने दरवाजे के पास मिट्टी गिरवा रहे थे, जिसका विरोध रिटायर्ड दारोगा सुरेश राय कर रहे थे। इसको लेकर पहले भी वाद-विवाद हुआ था।
महिलाओं को गंदी गाली दिए जाने पर भड़का विवाद
शुरुआती जांच में यह भी बात आ रही कि रिटायर्ड दारोगा सुरेश राय के घर की महिलाओं को गंदी गाली दिए जाने को लेकर विवाद भड़क गया। हालांकि, मृतक के भतीजे बृजेश राय ने बताया कि उसके चाचा देवकांत राय अपने बच्चों को डांट-फटकार लगा रहे थे। तभी पड़ोसी सुरेश राय के परिवार को लगा कि वे उसे गाली-गलौज कर रहे हैं। इसके बाद वह अपने घर से बाहर निकल कर इन्हें गाली-गलौज करने लगे और ललकारने लगे। जब वे बाहर निकले तो सुरेश राय की बेटी एवं पत्नी भी बाहर निकल गईं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।