दीपावली की पूर्व संध्या पर एक लाख दीयों से जगमगाएगा गोमती नदी का तट

लखनऊ: राजधानी के गोमती नदी के तट पर दीपावली से एक दिन पूर्व एक लाख दीपक जलाकर दीपावली मनाई जाएगी और इसकी तैयारियां भी की जा रही हैं. यह बात उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष प्रोफेसर श्याम नंदन सिंह ने कान्हा उपवन के निरीक्षण के दौरान कही.
उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष प्रोफेसर श्यामनंदन सिंह का कहना है कि जिस तरह से विगत तीन वर्षों से अयोध्या में ऐतिहासिक दीपावली का त्योहार मनाया जाता है. इसी कड़ी में इस बार भगवान लक्ष्मण की नगरी लखनऊ में भी दीपावली की पूर्व संध्या पर गोमती नदी के तट पर गाय के गोबर से बने एक लाख दीपक जलाए जाएंगे. उन्होंने कान्हा उपवन में स्वयंसेवी समूह की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे दिए का भी निरीक्षण किया.