कुशीनगर:बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। जिले के कप्तानगंज थाने में पटाखा गोदाम में अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस बचाव कार्य में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि घनी आबादी में अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए दरोगा रितेश सिंह, बीट सिपाही मानिक चंद, सिपाही संतोष कुमार, सिपाही मनीष प्रसाद को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, दीपावली नजदीक आने के चलते बुधवार सुबह लोग पटाखा बना रहे थे। उसी समय अचानक से विस्फोट हो गया। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी।
घनी आबादी में अवैध पटाखा फैक्ट्री
कप्तान गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव का काम शुरू किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घनी आबादी में अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। जिले में अवैध पटाखा फैक्ट्री के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया हुआ है।
दीपावली के लिए घर में जमा कर रहा था पटाखे
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह गोदाम जावेद नाम के एक व्यक्ति का है। उसने दीपावली के लिए घर के ही एक हिस्से में अवैध पटाखा जमा कर रखा था। घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देख आस पास के लोग दहशत में आ गए। जावेद के घर से पूरी तरह जल चुके दो शव मिले हैं। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है।
संजय श्रीवास्तव-प्रधानसम्पादक एवम स्वत्वाधिकारी, अनिल शर्मा- निदेशक, डॉ. राकेश द्विवेदी- सम्पादक, शिवम श्रीवास्तव- जी.एम.