मुरादाबाद:कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी ससुराल मुरादाबाद से वेस्ट UP में चुनावी बिगुल फूंकेंगी। 2022 के लिए बूथ स्तर तक संगठन में जान फूंकने के लिए वह 15 नवंबर को मुरादाबाद आ रही हैं।
मुरादाबाद के लाइनपार रामलीला मैदान में वेस्ट UP के 12 जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मेलन होगा। कार्यक्रम को संगठनात्मक सम्मेलन नाम दिया गया है। उनके कार्यक्रम के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। बता दें कि प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा मुरादाबाद के रहने वाले हैं।
प्रियंका की टीम पहुंची मुरादाबाद
प्रियंका गांधी वाड्रा के कार्यक्रम के लिए उनकी टीम ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का मुआयना किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने बताया कि प्रियंका 15 नवंबर को सुबह 10 बजे हेलीकॉप्टर से सीधे लाइनपार रामलीला मैदान पहुचेंगी। यहां उनका जनसभा का कोई कार्यक्रम नहीं है। वह 2 घंटे मुरादाबाद में रहेंगी और कार्यकर्ताओं को संबोधित करके चली जाएंगी।
12 जिलों के पदाधिकारी रहेंगे कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि मुरादाबाद में होने जा रहे संगठनात्मक सम्मेलन में वेस्ट UP के 12 जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इसमें मुरादाबाद मंडल के 5 जिलों मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर के पदाधिकारी आएंगे। इसके अलावा बरेली मंडल के चारों जिलों बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी बुलाया गया है। साथ ही सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के कांग्रेस पदाधिकारी भी संगठनात्मक सम्मेलन में मौजूद रहेंगे।
गांव से लेकर वार्ड अध्यक्ष तक सब रहेंगे मौजूद जिलाध्यक्ष ने बताया कि वेस्ट UP के 12 जिलों के संगठन से जुड़े सभी लोग कार्यक्रम में रहेंगे। इसमें छोटे से छोटे पदाधिकारी से लेकर जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और अन्य सभी पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है। इन 12 जिलों में कांग्रेस के पार्षद से लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष और दूसरे पदों पर चुने गए जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का मकसद 2022 के लिए बूथ स्तर पर संगठन में नई ऊर्जा का प्रवाह करना है।
संजय श्रीवास्तव-प्रधानसम्पादक एवम स्वत्वाधिकारी, अनिल शर्मा- निदेशक, शिवम श्रीवास्तव- जी.एम.