स्‍कूल जा रहे दो बच्‍चों का पिता के साथ दिनदहाड़े हुआ अपहरण, मां ने पहले पति पर लगाया आरोप

महराजगंज: में स्‍कूल जा रहे दो बच्‍चों का सौतेले पिता के साथ अपहरण हो गया। शौहर और बच्‍चों के यूं दिनदहाड़े अपहरण से परेशान महिला ने पहले पति पर आरोप लगाया है। यह वारदात गोरखपुर-सोनौली फोरलेन पर महराजगंज के कोल्हुई कस्बे के चंदनपुर तिराहे के पास हुई।
मिली जानकारी के अनुसार दो चार पहिया वाहनों से आए आधा दर्जन लोगों ने कार को अचानक घेर लिया। इसके बाद दोनों बच्‍चों और सौतेले पिता का अपहरण कर लिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से कोल्हुई क्षेत्र में दहशत फैल गई है। पुलिस मौके पर पहुंची। सभी थानों को अलर्ट कर वाहनों की जांच का निर्देश दिया गया है। उधर, अपने शौहर और दो बच्चों के अपहरण की सूचना से महिला बदहवास हो गई। वह कोल्हुई थाने पर पहुंची।
महिला ने गोरखपुर के चिलमापुर निवासी पहले पति के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए केस दर्ज करने की मांग की। थानाध्यक्ष यशवंत चौधरी ने कहा है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही। आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार दस साल पहले कोल्हुई कस्बे में रहने वाली तरन्नुम की पहली शादी गोरखपुर के चिलमापुर में हुई थी। पहले पति से उनकी दो औलादें हैं। इनमें एक बेटा है और एक बेटी। बेटी बड़ी है। तरन्‍नुम का आरोप है तीन साल पहले उसका पहला पति गांव की ही एक युवती को लेकर फरार हो गया। बाद में उसी से शादी कर ली। दो साल बाद गांव वापस लौटा और पहली पत्नी को तलाक दे दिया। इसके बाद तरन्नुम मायके आ गई।
कुछ दिन बाद उसने ससुराल के एक युवक के साथ शादी कर ली। तरन्‍नुम अपने दूसरे पति और दोनों बच्चों के साथ कोल्हुई में रह रही थी। बुधवार की सुबह उसका दूसरा शौहर समर फराज सिद्दीकी दोनों बच्चे मोहम्मद अहमद व सिदरा फातमा को कार में बैठा कर स्कूल छोड़ने जा रहा था लेकिन कोल्हुई कस्बे के ही चंदनपुर तिराहे पर दो चार पहिया वाहनों से आए आधा दर्जन लोगों ने उसकी कार को आगे-पीछे से घेरकर बीच चौराहे पर रोक दिया। कार से फराज सिद्दीकी और दोनों बच्चों का अपहरण कर उन्‍होंने अपनी कार में बिठा लिया और फरार हो गए। इस घटना से कोल्हुई में सनसनी मच गई।
सभी थाने अलर्ट पर
दिनदहाड़े कस्बे के अंदर इस घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस अलर्ट हो गई। गोरखपुर फोरलेन पर स्थित सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया। वाहनों की जांच का निर्देश दिया गया। कोल्हुई एसओ यशवंत चौधरी हमराहियों के साथ महिला के पहले पति के गांव छानबीन के लिए रवाना हो गए। कोल्हुई पुलिस ने गोरखपुर जनपद की पुलिस को भी अपहरण की सूचना देकर जांच में मदद मांगी है।
संजय श्रीवास्तव-प्रधानसम्पादक एवम स्वत्वाधिकारी, अनिल शर्मा- निदेशक, शिवम श्रीवास्तव- जी.एम.
सुझाव एवम शिकायत- प्रधानसम्पादक 9415055318(W), 8887963126