हत्या-आत्महत्या में उलझी पुलिस

एक कमरे में लटके मिले दंपती के शव; पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

उरई: एट थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दंपती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आया है। लोगों को शक है कि, पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुदकुशी की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहने की बात कही है।

यह पूरा मामला एट थाना क्षेत्र के ग्राम वर्ध गांव का है। गांव निवासी राजवीर सिंह चौहान (40) और पत्नी रजनी (36) के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने कमरे में एक ही कुंडी के सहारे अलग अलग रस्सियों से फांसी लगा ली। गुरुवार सुबह जब लोग कमरे में पहुंचे तो दोनों के शव लटकते हुए पाए गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने परिवार वालों के बयान लिए हैं। जानकारी सामने आई है कि राजवीर शराब पीता था और उसकी इसी लत को लेकर विवाद होता रहता था। पुलिस ने कमरे की तलाश ली है। कोंच के क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा। उसके बाद ही कुछ बताया जा सकता है। वहीं, पुलिस इस बारे में भी पता लगा रही कि कहीं राजवीर ने रजनी को मारकर खुद आत्महत्या तो नहीं की?