Coronavirus in india: नियम बदलते ही एक दिन में 1511 मरीजों की छुट्टी, मरीजों का आंकड़ा 63 हजार के करीब

अमर भारती : कोरोना से संक्रमितों की अस्पताल से छुट्टी के नियम बदले जाने के ठीक अगले दिन डिस्चार्ज होने वालों की संख्या बढ़ गई। शनिवार को 1,511 मरीज डिस्चार्ज किए गए। देश में संक्रमितों की संख्या 63 हजार के करीब हो गई है। यह आंकड़ा बीते 12 दिन में दोगुना हुआ है। 29 अप्रैल को मरीजों की संख्या 30 हजार पार हुई थी। हालांकि, गंभीर बात यह है कि इन्हीं 12 दिन में 1,172 मरीजों की जान भी जा चुकी है।

रविवार सुबह तक कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 62,939 हो चुकी है जिनमें से 2109 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 19,358 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। एक दिन में 3,277 नए संक्रमित, 128 मौत और 1511 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। लगातार चौथे दिन देश में 3 हजार से ज्यादा संक्रमित मरीज मिले।