MP बस हादसा: सभी शवों को सम्मान के साथ भेजा जाएगा महाराष्ट्र

यंग भारत ब्यूरो
महाराष्ट्र (Maharashtra) के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने कहा मध्य प्रदेश बस हादसे के मृतकों के परिजनों को दस लाख रुपये देने का ऐलान किया है। आज सुबह मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के धार में एसटी महामंडल की बस यात्रियों समेत पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नर्मदा नदी में गिर गयी थी। इस हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हुई है। शिंदे ने जलगांव जिलाधिकारी को यह आदेश दिया है कि जो भी घायल हैं उन्हें उचित मेडिकल सहायता उपलब्ध करवाई जाये। इसलिए एमपी के जिला प्रशासन से लगातार संपर्क में रहें।
एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को यह भी आदेश दिया है कि शवों को बाहर निकालने के बाद सभी प्रक्रिया पूरी होने ही जल्द से जल्द परिजनों को सौंपा जाये। जलगांव जिला प्रशासन ने इस हादसे के मद्देनजर एक हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया है।
ज्यादातर मृतक लोग महाराष्ट्र के
मृतकों में ज्यादातर लोग महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से फोन पर बात की है। एमपी सीएम ने एकनाथ शिंदे को घटनास्थल पर चल रहे राहत और बचाव कार्य के बारे में जानकारी दी है। साथ ही कहा है कि सभी शवों को सम्मान के साथ महाराष्ट्र भेजा जाएगा।
रेस्क्यू शुरू होने के बाद बस को क्रेन से निकाल लिया गया है। खरगोन, धार और इंदौर जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। इसके साथ ही नदी से दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इसके साथ ही कुछ यात्रियों के शव निकाले गए हैं।
पीएम मोदी ने भी जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है। पीएम ने कहा कि बचाव का काम चल रहा है और स्थानीय अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव मदद मुहैया करा रहे हैं। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सीएम शिवराज सिंह चौहान से बातकर घटना के बारे में जानकारी ली है।

इंदौर से पुणे जा रही थी बस
प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि इस घटना में 13 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही 15 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया है। हादसा खलघाट के संजय सेतु पर हुआ है। एमपी के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटना की पुष्टि की है। एमपी के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह बस महाराष्ट्र रोडवेज की है। बस इंदौर से पुणे जा रही थी। नर्मदा नदी के पुल पर ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने कहा कि नदी का बहाव बहुत तेज है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि बस में 50-55 लोग सवार थे।

संजय श्रीवास्तव- समूह सम्पादक (9415055318)
शिविलिया पब्लिकेशन- लखनऊ,
अनिल शर्मा- निदेशक, शिवम श्रीवास्तव- जी.एम